नारायणगढ़ विधानसभा: भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी विरोध प्रदर्शन, प्रत्याशी बदलने की मांग

March 21, 2026 2:26 PM

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के अंतर्गत आने वाली नारायणगढ़ विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर कलह और असंतोष ने हिंसक रूप ले लिया है। हाल ही में पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी रमा प्रसाद गिरि के नाम पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कड़ा ऐतराज जताया है।

रमा प्रसाद गिरि को प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने खड़गपुर के कौशल्या स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जमकर हंगामा किया और वहां तोड़फोड़ की। कार्यकर्ताओं की मांग है कि पार्टी नारायणगढ़ सीट से अपना उम्मीदवार तुरंत बदले।

विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरमाया हुआ था। कार्यकर्ता “वंदे मातरम”, “भारत माता की जय” और “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ-साथ भाजपा के खिलाफ ही अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट रूप से नारे लगाए— “नारायणगढ़ विधानसभा का प्रत्याशी मानेंगे नहीं, जानेंगे नहीं” और “भाजपा-भाजपा जिंदाबाद” के बीच प्रत्याशी बदलने की मांग जोर-शोर से उठाई गई।

कार्यकर्ताओं का आरोप: ‘संगठन से बाहर का व्यक्ति मंजूर नहीं’

मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। उनका कहना है कि जिस प्रत्याशी (रमा प्रसाद गिरि) को टिकट दिया गया है, वह लंबे समय से संगठन से बाहर रहे हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ उनका कोई तालमेल नहीं है।

एक स्थानीय कार्यकर्ता ने भावुक होते हुए कहा:

“हम इस प्रत्याशी को स्वीकार नहीं कर सकते। संगठन के जो भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहाँ मौजूद हैं, वे सभी आहत हैं। प्रत्याशी अपनी मनमानी कर रहे हैं और संगठन के साथ कोई चर्चा नहीं की गई। अगर यही प्रत्याशी मैदान में रहे, तो हमारी हार निश्चित है।”

आलाकमान को दी चेतावनी:-

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि उन्होंने इस संबंध में जिला और राज्य स्तर के नेताओं को सूचित किया था, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिला। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पार्टी ने स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार नहीं बदला, तो चुनाव में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

फिलहाल, इस विरोध प्रदर्शन पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। देखना यह होगा कि क्या पार्टी अपने फैसले पर पुनर्विचार करती है या कार्यकर्ताओं का यह असंतोष चुनाव नतीजों को प्रभावित करेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment