पश्चिम बंगाल: बेलदा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिटुमिन टैंकर में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

March 5, 2026 2:31 PM

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (NH-16) के किनारे खड़े एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। यह टैंकर बिटुमिन (डामर) से भरा हुआ था, जिसके कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

मरम्मत के दौरान हुआ हादसा:-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त टैंकर कुछ दिनों पहले एक बालू लदे ट्रैक्टर से टकरा गया था। दुर्घटना के बाद से ही टैंकर सड़क के किनारे खड़ा था और बुधवार को उसकी मरम्मत (रिपेयरिंग) का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि वेल्डिंग या मरम्मत के दौरान निकली चिंगारी से टैंकर में आग लग गई। बिटुमिन जैसे ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया।

इस्कॉन मंदिर के पास की घटना:-

यह घटना बेलदा बाईपास के पास हुई, जो इस्कॉन मंदिर के काफी करीब है। आसमान में उठते काले धुएं और ऊंची लपटों को देखकर स्थानीय निवासियों और राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।

दमकल विभाग की कार्रवाई:-

खड़गपुर से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल अधिकारी अब घटना के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment