





मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद, पश्चिम मेदिनीपुर जिले में भी चुनावी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान जिला मजिस्ट्रेट (DM) बिजीन कृष्णा ने जिले में होने वाले मतदान की विस्तृत रूपरेखा साझा की।



महत्वपूर्ण तिथियां:

जिला प्रशासन के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर जिले में चुनाव के लिए अधिसूचना 30 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अप्रैल 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है। प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 07 अप्रैल 2026 को होगी और उम्मीदवार 09 अप्रैल 2026 तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। जिले में 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा, जबकि चुनावी नतीजों की घोषणा 04 मई 2026 को की जाएगी।
मतदान केंद्रों का विवरण:
जिले में सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 4,773 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 4,333 मुख्य केंद्र और 440 अतिरिक्त केंद्र शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से 160 बूथों को ‘संवेदनशील’ (Critical) घोषित किया गया है।
निर्वाचन क्षेत्रों का वर्गीकरण:
- सामान्य सीटें: दांतन, खड़गपुर सदर, नारायणगढ़, सबंग, पिंगला, खड़गपुर, डेबरा, दासपुर, गढ़बेता, सालबनी और मेदिनीपुर।
- अनुसूचित जाति (SC) सीटें: घाटाल, चंद्रकोना और केशपुर।
- अनुसूचित जनजाति (ST) सीट: केशियारी।
मतगणना केंद्र:
मतों की गिनती के लिए तीन प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं:
- केंद्रीय विद्यालय-2, खड़गपुर: यहाँ दांतन, नारायणगढ़, केशियारी, खड़गपुर सदर, सबंग, पिंगला, खड़गपुर और डेबरा निर्वाचन क्षेत्रों की गणना होगी।
- घाटाल रवींद्र शताब्दी महाविद्यालय: यहाँ दासपुर, घाटाल और चंद्रकोना की मतगणना होगी।
- मेदिनीपुर कॉलेज: यहाँ गढ़बेता, सालबनी, मेदिनीपुर और केशपुर के मतों की गिनती की जाएगी।
सुरक्षा एवं अन्य नियम:
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ओडिशा सीमा पर 4 नाका पॉइंट बनाए गए हैं जो 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। वर्तमान में केंद्रीय बल की 20 कंपनियां जिले में तैनात हैं और आने वाले समय में और भी सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर वेबकास्टिंग की सुविधा होगी। सुरक्षा नियमों के तहत, मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिला मजिस्ट्रेट ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे ‘फॉर्म नंबर 6’ भरकर आवेदन कर सकते हैंहैं।
केजेपी न्यूज संवाददाता द्वारा प्रेषित








