






मेदिनीपुर: जिले में बिना वैध लाइसेंस और नियमों की अनदेखी कर चलाए जा रहे अवैध डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस और स्वास्थ्य प्रशासन के संयुक्त अभियान में शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 7 अवैध डायग्नोस्टिक सेंटरों को बंद करा दिया गया।


बिना लाइसेंस चल रहे थे सेंटर, मरीज हो रहे थे ठगी का शिकार

जिले के डायग्नोस्टिक एसोसिएशन ने स्वास्थ्य विभाग से शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र में लगभग 20 से 30 लैब बिना किसी वैध अनुमति व लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। इन अवैध केंद्रों में गलत जांच और फर्जीवाड़े के चलते मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था और उनसे मोटी रकम वसूली जा रही थी।
दस्तावेजों की जांच के बाद हुई कार्रवाई
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (CMOH) डॉ. सौम्य शंकर सारंगी के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ शुक्रवार को शहर में सघन जांच अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने कई सेंटरों पर पहुंचकर उनके वैध दस्तावेज, उपकरण और रजिस्ट्रेशन की जांच की। नियमों के उल्लंघन और जरूरी कागजात न मिलने पर तत्काल प्रभाव से 7 सेंटरों को बंद कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
0स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा। नियमों की अवहेलना करने वाले और बिना लाइसेंस चलने वाले सभी अवैध सेंटरों की पहचान कर उन्हें पूरी तरह से सील किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।





