






पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गुड़गुड़ीपाल थाना क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक खरीदार गाय द्वारा उम्मीद से कम दूध दिए जाने पर सीधे पुलिस के पास पहुंच गया।


मिली जानकारी के अनुसार, खरीदार ने अधिक दूध देने के वादे पर विक्रेता से गाय खरीदी थी। सौदे के समय विक्रेता ने दावा किया था कि गाय रोजाना तय मात्रा में भरपूर दूध देगी। हालांकि, गाय को घर लाने के बाद स्थिति बिल्कुल उलट निकली। गाय ने वादे के मुकाबले काफी कम दूध देना शुरू किया।

खरीदार का आरोप है कि उसने इस संबंध में विक्रेता से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकला। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए वह सीधे गुड़गुड़ीपाल थाने पहुंचा और पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की और दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए गाय विक्रेता को थाने तलब किया। इलाके में इस अनोखे विवाद और पुलिस तक पहुंचे मामले की खूब चर्चा हो रही है।





