






खड़गपुर लोकल थाना अंतर्गत भालुकमाचा गांव के पास स्थित जंगल से एक डंपर चालक का श*व बरामद होने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक चालक के गले पर गहरे ज*ख्म के निशान पाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि चालक की ह*त्या की गई है।


जानकारी के अनुसार, यह डंपर लालगढ़ से रेत लादकर कोलकाता की ओर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह रहस्यमय घटना घट गई। पुलिस ने कलाईकुंडा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 के ऊपर से रेत से लदे इस डंपर को बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि गाड़ी के मालिक ने काफी देर तक चालक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर मालिक खुद मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने जंगल के भीतर लहूलुहान हालत में अपने चालक का श*व पड़ा देखा। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाने के अधीन आने वाली कलाईकुंडा चौकी की पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक चालक की पहचान पुरुलिया निवासी बृहस्पति रुईदास के रूप में हुई है। पुलिस ने श*व को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुनसान जंगल में चालक के साथ यह घटना कैसे घटी। इसके पीछे कोई व्यक्तिगत रंजिश है या कोई अन्य कारण, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने गाड़ी के खलासी को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौ*त के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।






