





नदिया: चुनाव से ठीक पहले एक स्कूल में बम फटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस धमाके से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। घटना के बाद मौके से एक और जिंदा बम भी बरामद किया गया है। यह विस्फोट नदिया जिले के कल्याणी स्थित घोरागाछा माध्यमिक शिक्षा केंद्र की छत पर हुआ है।



मिली जानकारी के मुताबिक, स्कूल में परीक्षा खत्म होने के बाद जब छात्र अपने घर चले गए, उसके महज आधे घंटे बाद ही यह धमाका हुआ। गनीमत यह रही कि उस वक्त छात्र वहां नहीं थे, लेकिन स्कूल में शिक्षक मौजूद थे। छत पर हुए इस जोरदार धमाके के कारण शिक्षकों और स्थानीय लोगों में भारी आतंक फैल गया।

यह घटना इसलिए भी बेहद गंभीर है क्योंकि स्कूल के पास वाले मैदान में ही तृणमूल की एक चुनावी जनसभा होने वाली थी। इस सभा के शुरू होने से ठीक पहले हुए इस धमाके ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और चुनाव आयोग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की सघन जांच की जा रही है।







