






चक्रवात ‘अर्णव’ का असर अब पश्चिम मेदिनीपुर जिले में दिखने लगा है। आज दोपहर खड़गपुर और आसपास के इलाकों में आसमान में घने काले बादल छा गए। तेज और झोंकेदार हवाओं के साथ बादलों की तेज गर्जना और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है।


मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से आज जिले में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) के साथ बारिश की पहले ही चेतावनी जारी की गई थी।

बुधवार को भारी बारिश का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी बुधवार को जिले में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। बारिश का यह दौर आगामी शुक्रवार तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले में न निकलने की सलाह दी गई है।






