रक्षा बंधन की खुशी के बीच मातम, जिस हाथ में बंधनी थी राखी उसी ने बहन की अर्थी को दिया कंधा

August 28, 2026 3:43 PM

रक्षा बंधन की खुशी के बीच मातम, जिस हाथ में बंधनी थी राखी उसी भाई ने बहन की अर्थी को दिया कंधा

खड़गपुर। रक्षा बंधन के मौके पर जहां खड़गपुर शहर में लोग भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार खुशी-खुशी मना रहे थे, वहीं भवानीपुर इलाके में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। राखी बंधवाने के लिए कुछ दिन पहले घर पहुंचे भाई को अपनी बहन की अर्थी को कंधा देना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, भवानीपुर निवासी नेहा थापा ने  गुरुवार देर रात अपने कमरे में ओढ़नी के सहारे सीलिंग से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि देर रात नेहा मोबाइल देख रही थी। इसी बात को लेकर परिजनों ने उसे डांटा था। इसके बाद कथित तौर पर नाराज होकर उसने यह कदम उठा लिया।

रात करीब डेढ़ बजे नेहा की छोटी बहन बाथरूम जाने के लिए उठी। इसी दौरान उसने नेहा को कमरे में फंदे से लटका देखा। उसकी चीख-पुकार सुनकर माता-पिता और भाई मौके पर पहुंचे। परिजनों ने नेहा को फंदे से उतारकर चांदमारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

बताया गया कि नेहा के पिता ट्रॉली चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उसका बड़ा भाई विश्वजीत भुवनेश्वर में रहकर आईटीआई की पढ़ाई कर रहा है और रक्षा बंधन के लिए कुछ दिन पहले ही खड़गपुर आया था। लेकिन जिस हाथ में बहन से राखी बंधवानी थी, उसी हाथ से उसे अपनी बहन की अर्थी को कंधा देना पड़ा।

नेहा तीन भाई बहनों में मंझली बहन थी और उसकी एक छोटी बहन भी है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते दिनों पारिवारिक विवाद से परेशान होकर वार्ड नंबर-9 के शीतला मंदिर इलाके में अमृत साहू नामक एक वृद्ध ने भी अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। तीन दिनों के भीतर हुई इन दो घटनाओं से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने रहस्यमय मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment