गैस एजेंसी की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्राहक, मालंचा इलाके में भारी हंगामा

March 26, 2026 3:09 AM

खड़गपुर: शहर के मालंचा सुपरमार्केट इलाके में स्थित बि‌शु गैस एजेंसी के सामने आज ग्राहकों का भारी गुस्सा देखने को मिला। गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अनियमितता और एजेंसी की लापरवाही से परेशान लोगों ने बीच सड़क पर खाली सिलेंडर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और रास्ता जाम कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

प्रदर्शन कर रहे ग्राहकों का आरोप है कि समय पर गैस बुकिंग करने के बावजूद उन्हें कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा है। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब ग्राहकों को उनके मोबाइल पर गैस डिलीवरी हो जाने का मैसेज तो मिल रहा है, लेकिन हकीकत में सिलेंडर उन तक पहुंच ही नहीं रहा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद एजेंसी की तरफ से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर आज सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।

प्रदर्शनकारियों का बयान:

मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारी धीरज ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया, “हम जब भी बीजू गैस एजेंसी आते हैं, हमें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। हमने एजेंसी द्वारा बताए गए सभी नियमों का पालन किया, लेकिन बुकिंग के बाद डिलीवरी का मैसेज आ जाता है और गैस गायब रहती है। पिछले 4-5 दिनों से एजेंसी भी बंद पड़ी है और कोई नोटिस तक नहीं लगाया गया है।”

​धीरज ने आगे सवाल उठाते हुए कहा, “अगर एजेंसी के पास गैस नहीं है, तो फिर लोगों के फोन पर डिलीवरी के मैसेज कहाँ से आ रहे हैं? यह सीधे तौर पर गैस की कालाबाजारी और चोरी का संकेत है।”

यातायात हुआ ठप, पुलिस ने संभाला मोर्चा:

सड़क जाम होने के कारण इलाके का यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन ने आक्रोशित ग्राहकों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया।

​हालांकि, ग्राहकों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है। उनका कहना है कि जब तक गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं होती और इस तरह की धांधली करने वाली एजेंसी के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई नहीं करता, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment