





पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच शनिवार को खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया से पहले दिलीप घोष ने खड़गपुर के गोलबाजार स्थित प्रसिद्ध राम मंदिर में पूजा-अर्चना की और जीत का आशीर्वाद मांगा।




दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में भव्य रैली:

पूजा के बाद, एक विशाल रैली का आयोजन किया गया जो खड़गपुर महकमा शासक (SDO) कार्यालय की ओर बढ़ी। इस रैली में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की, जिनमें मुख्य रूप से दिल्ली की नेता रेखा गुप्ता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी शामिल थे। रैली के दौरान भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इलाके में चुनावी माहौल को गरमा दिया है।
विकास और परिवर्तन का आह्वान:
जनता को संबोधित करते हुए नेताओं ने दिलीप घोष के पक्ष में मतदान करने की अपील की। रेखा गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जिस तरह दिल्ली में विकास की लहर है, उसी तरह बंगाल और खड़गपुर में भी परिवर्तन जरूरी है। वहीं शुभेंदु अधिकारी ने खड़गपुर के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा को जिताने पर जोर दिया।
राम मंदिर के सामने जुलूस से पहले शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “19 जनवरी 2020 को जब मैंने अमित जी से BJP का झंडा लिया था, तब दिलीप घोष प्रदेश अध्यक्ष थे, दिलीप दा हमारे नेता थे। नंदीग्राम में नॉमिनेशन में दिलीप दा हमारे साथ थे, आज मैं दिलीप दा के नॉमिनेशन के लिए आया हूँ। अगर रेखा जी मोदी जी के नेतृत्व में 27 साल बाद दिल्ली में बदलाव ला सकती हैं, तो हम 15 साल के जंगल राज को भी खत्म कर देंगे।” मैं दिलीप दा से कहूँगा कि आप पाँच लाख से ज़्यादा वोटों से जीतेंगे। तब शुवेंदुबाबू ने दिलीपदा से कहा कि आप 23 तारीख के बाद भवानीपुर में होंगे, रिंकू देव (दिलीपबाबू की पत्नी) भी वहीं होंगी। शुभेंदु ने दावा किया कि अविभक्त मेदिनीपुर के कुल 35 में से 33 सीट हमलोग जीत रहे हैं बाकी दो में लड़ाई है।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में दिलीप ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री यहां आ चुके हैं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री झारग्राम आ चुके हैं, और भी कई मुख्यमंत्री आएंगे, क्ष भाजपा इस बार चुनाव कैसे कराती है यह देखने योग्य होगा।
रोचक हुआ चुनावी मुकाबला:
हाथों में पार्टी के झंडे और ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ भाजपा समर्थकों ने पूरे शहर में शक्ति प्रदर्शन किया। दिलीप घोष के नामांकन और इस भव्य रैली के बाद खड़गपुर सदर सीट पर मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। सभी राजनीतिक दल अब अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगे हैं।









