





खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के गोपाली इलाके में एक श्रमिक की लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बनपटना गांव निवासी सौमेंद्र सतपथी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। Kharagpur local Police Station की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सौमेंद्र सतपथी पेशे से राजमिस्त्री था। वह बीते शुक्रवार को साइकिल लेकर काम पर निकला था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने Kharagpur gramin Police Station में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
इधर स्थानीय लोगों ने जंगल इलाके में एक जली हुई लाश देख पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में सौमेंद्र सतपथी के परिजनों ने शव की पहचान की।
घटनास्थल से पुलिस ने मृतक की साइकिल और जूते भी बरामद किए हैं। परिजनों का आरोप है कि सौमेंद्र सतपथी की हत्या की गई है। हालांकि परिवार के अनुसार उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी और वह नशा भी नहीं करता था।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।












