दीघा जाते वक्त सड़क हादसे में भाजपा मंडल अध्यक्ष की मौत, साथी गंभीर

October 11, 2026 6:16 PM

दीघा जाते वक्त सड़क हादसे में भाजपा मंडल अध्यक्ष की मौत, साथी गंभीर

खड़गपुर। दीघा घूमने जा रहे हुगली जिले के चुंचुड़ा मंडल-4 के भाजपा अध्यक्ष राजा दास (42) की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार तड़के करीब छह बजे खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के सांकवा बाइपास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई। हादसे में राजा दास का एक साथी सुरजीत सिकदर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सुरजीत केपिता भाजपा केबूथ अध्यक्ष पद पर हैं।

जानकारी के मुताबिक, राजा दास अपने साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुल चार लोग दीघा घूमने जा रहे थे। इसी दौरान सांकवा बाइपास के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर एक भारी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में राजा दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीछे की मोटरसाइकिल पर चल रहे मंडल महासचिव सुरजीत शील ने बताया कि राजा दास की मोटरसाइकिल काफी आगे निकल गई थी। वे लोग पीछे चल रहे थे। जब तक वे घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक राजा दास की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि भारी वाहन की चपेट में आने के कारण यह हादसा हुआ।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को खड़गपुर के चांदमारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल साथी की हालत को देखते हुए उसे बाद में कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर भाजपा नेता टिंकू सिंह, कृष्णा गोले समेत अन्य नेता चांदमारी अस्पताल पहुंचे और मृतक तथा घायलों के परिजनों को सहायता पहुंचाई।

भाजपा नेता कृष्णा गोले ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि उन्हें सुबह करीब 7:20 बजे हादसे की खबर मिली, जिसके बाद वे तत्काल अस्पताल पहुंचे। दोपहर में हुगली जिले से भी भाजपा के नेता और कार्यकर्ता खड़गपुर पहुंचे।

राजा दास शादीशुदा थे और उनका एक बेटा भी है व लिफ्ट लगाने का काम करते थे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजा दास का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए चुंचुड़ा ले जाया गया।

इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं और मृतक के परिवार में शोक व्याप्त है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment