





कोलकाता, 1 जून: पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह जानकारी राज्य की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी।
अपने संदेश में मंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण अवसर, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने से शुरू होता है। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा योजना महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सहायता को अधिक सुलभ बनाना और उसे सीधे लोगों के घरों तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार मजबूत होते हैं, समाज अधिक सुदृढ़ बनता है और राष्ट्र की प्रगति को नई गति मिलती है। महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता देश के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

मंत्री के अनुसार, अन्नपूर्णा योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया अब शुरू हो चुकी है और पात्र लाभार्थी निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।









