






खड़गपुर, 14 सितंबर 2026:


दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में हिंदी पखवाड़ा-2026 का आज उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं राजभाषा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल में 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

हिंदी पखवाड़ा का शुभारंभ आज मंडल रेल प्रबंधक, खड़गपुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा के रूप में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया गया।
हिंदी पखवाड़े के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें हिंदी सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, हिंदी वाक् प्रतियोगिता, हिंदी निबंध लेखन, एक्सटेम्पोर/आशुभाषण, प्रकट/प्रतियोगिता तथा हिंदी टिप्पणी-प्रारूप लेखन आदि शामिल हैं। कर्मचारियों के बच्चों के लिए भी “मोबाइल की दुनिया और बदलता बचपन” विषय पर विशेष प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इस वर्ष हिंदी निबंध प्रतियोगिता के लिए “विकसित भारत के निर्माण में भारतीय रेल की भूमिका”, “कार्यस्थल पर तकनीक तथा मानवीय संवेदना”, “एक राष्ट्र, अनेक भाषाएँ—हिंदी की भूमिका” तथा “डिजिटल युग में हिंदी का बदलता स्वरूप” जैसे समसामयिक विषय निर्धारित किए गए हैं।
हिंदी पखवाड़े के समापन अवसर पर 28 सितंबर 2026 को समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा हिंदी के प्रति उत्कृष्ट योगदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
खड़गपुर मंडल का यह प्रयास कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने, राजभाषा के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करने तथा रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।









