​मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग: संगठन ने दी 48 घंटे की मोहलत, ‘जंतर मंतर पार्ट-2’ आंदोलन की चेतावनी

September 26, 2026 5:29 AM

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक बार फिर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) नामक संगठन ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है और उन्हें पद छोड़ने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में इस्तीफा नहीं दिया गया, तो वे देशभर में ‘जंतर मंतर वर्जन 2’ जैसा बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

​प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संगठन के प्रतिनिधि अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांझा ने संयुक्त रूप से अपनी 3 सूत्रीय प्रमुख मांगें सामने रखीं।

​क्या हैं 3 प्रमुख मांगें?

​मुख्य चुनाव आयुक्त का तत्काल इस्तीफा और आपराधिक मामला: संगठन की पहली और मुख्य मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि किस अदृश्य शक्ति के निर्देश पर विवादित फैसले लिए जा रहे हैं, इसका खुलासा जनता के सामने होना चाहिए।

​SIR प्रक्रिया पर रोक और पुरानी मतदाता सूची की बहाली: आगामी सभी चुनावों को फिलहाल स्थगित रखने के साथ-साथ तत्काल प्रभाव से ‘एसआईआर’ (SIR) प्रक्रिया को बंद करने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि जनवरी 2025 में जो मतदाता सूची प्रभावी थी, उसे ही बहाल किया जाए। इसके साथ ही SIR प्रक्रिया से जुड़े निर्णय की जांच के लिए एक स्वतंत्र समिति बनाई जाए और तमाम दस्तावेज सुप्रीम कोर्ट की निगरानी व हिरासत में सुरक्षित रखे जाएं।

​2023 का चुनाव आयुक्त नियुक्ति कानून रद्द हो: संगठन की तीसरी मांग है कि वर्ष 2023 में पारित चुनाव आयुक्त नियुक्ति संबंधी कानून को तत्काल निरस्त कर नया कानून लाया जाए, जिसमें नागरिक समाज (सिविल सोसायटी) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

​प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीखे आरोप

​प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि लोकतंत्र के हित को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक वे अपने पद से नहीं हटते, तब तक यह विरोध प्रदर्शन और आंदोलन थमेगा नहीं।

​गौरतलब है कि इससे पहले भी जून माह में नीट (NEET) परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के विरोध में संगठन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था, जिसमें कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया था। अब चुनाव आयोग के शीर्ष पद को लेकर संगठन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment