






✍️ रघुनाथ प्रसाद साहू/9434243363


खड़गपुर। खड़गपुर और आसपास के इलाकों में सोमवार को हुए तीन अलग-अलग हादसों में एक सात वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना में होटल में काम करने के दौरान बालकनी से गिरकर एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। दूसरी घटना में तेज रफ्तार बुलेट की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की जान चली गई। वहीं, तीसरी घटना में मोटर ट्रॉली पलटने से 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। इन घटनाओं से संबंधित इलाकों में शोक का माहौल है।

होटल में काम करते समय बालकनी से गिरा राजमिस्त्री
पहली घटना खड़गपुर के इंदा स्थित एक होटल की है। जानकारी के मुताबिक, मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना अंतर्गत नयाग्राम निवासी शेख मुनकीर (33) खड़गपुर में राजमिस्त्री का काम करता था। सोमवार दोपहर वह होटल में फॉल्स सीलिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बालकनी से नीचे गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल चांदमारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पता चला है कि मुमकिन का एक बच्चा है वह पत्नी गर्भवती है।
खड़गपुर शहर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बुलेट की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की मौत
दूसरी दर्दनाक घटना एनएचल60 में अन्नपूर्णा होटल के समीप हुई। जानकारी के मुताबिक, खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के सनमन्नतपुर गांव निवासी सात वर्षीय आशालता अपनी मां जवां टुडू के साथ लकड़ी बीनने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी।
उसे तत्काल चांदमारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बुलेट पर दो युवक सवार थे और हादसे के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। आशालता अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता रवि टुडू खेतिहर मजदूर हैं। मासूम बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मोटर ट्रॉली पलटने से 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
तीसरी घटना में मोटर ट्रॉली पलटने से देबनारायण पात्रो (61) की मौत हो गई। वह देबरा बाजार का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, वह कुछ सामान पहुंचाने के लिए बालिचक होते हुए शामचक गया था। सोमवार को सामान अनलोड करने के बाद वह शॉर्टकट रास्ते से वापस लौट रहा था। इसी दौरान पानी आड़ा के पास खराब और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण मोटर ट्रॉली पलट गई और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल डेबरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे दीनबंधु पात्रो, जो स्वयं टोटो चालक हैं, का कहना है कि रास्ते की खराब स्थिति के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
लगातार हुई इन तीन घटनाओं ने खड़गपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर पैदा कर दी है।, ,








