






खड़गपुर: दुर्गा पूजा के ठीक पहले रेलवे शहर खड़गपुर में गोलीबारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आज सुबह करीब 11 बजे खड़गपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 अंतर्गत ओल्ड सेटलमेंट इलाके में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, गिरी मैदान स्टेशन के सामने गीतांजलि कम्युनिटी हॉल के पीछे वाली सड़क पर सागर राव और अक्षय कुमार झा एक बाइक पर सवार होकर गिरी मैदान की ओर जा रहे थे। उसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पहली गोली का निशाना चूक गया, लेकिन दूसरी गोली बाइक के पीछे बैठे अक्षय के दाहिने कंधे में जा लगी।

गोली लगने से अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत खड़गपुर रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया। घायल अक्षय इसी ओल्ड सेटलमेंट इलाके का निवासी है। उल्लेखनीय है कि सागर राव के पिता प्रसाद राव की भी कुछ साल पहले इसी इलाके में हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, हमलावर एक स्कूटी पर सवार होकर आए थे। उन्होंने अपनी पहचान छुपाने के लिए सिर पर टोपी और चेहरे पर मास्क पहन रखा था। घटना के तुरंत बाद वे मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद शहर के विधायक दिलीप घोष ने कहा कि आपसी रंजीत का मामला लगता है पुलिस मामले की जांच कर रही है जल्दी स्थिति काबू में होगी।
एसपी पापिया सुल्ताना ने कहा कि मामले में कुल 7 लोगों को हिरासत में ले पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में सघन जांच शुरू कर दी गई है।






