






12 नवंबर को होगा खरीदा बोड़ो काली प्रतिमा का भव्य विसर्जन, आठ तरह के बाजों के साथ निकलेगी शोभायात्रा; शहर में हुआ नरकासुर दहन


खड़गपुर। शहर में काली पूजा को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है। खरीदा बड़ोखाली काली पूजा की विशाल प्रतिमा का भव्य विसर्जन 12 नवंबर को किया जाएगा। विसर्जन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस दौरान आठ प्रकार के बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नितीन शर्मा ने बताया कि विसर्जन शोभायात्रा में कुल आठ तरह के बाजे शामिल होंगे, जो नॉर्थ चौबीस परगना से आएगे। इसके अलावा चंदन नगर की स्काउट टीम का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
वहीं, मंदिर कमेटी के सचिव अंबू दास ने बताया कि इस वर्ष 25 फीट ऊंची मां काली की प्रतिमा तैयार की गई है। पूजा का बजट करीब आठ लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1964 से यहां लगातार काली पूजा का आयोजन होता आ रहा है। पूजा का उद्घाटन संस्थापक सदस्य संतोष कुमार दास ने किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।
इधर, इंदा लोकल थाना मोड़ स्थित काली पूजा पंडाल में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं, स्टार युनिट क्लब की ओर से इस वर्ष गोल्डन जुबली समारोह मनाया जा रहा है।
शहर के विभिन्न इलाकों में हुआ नरकासुर दहन
शहर के विभिन्न इलाकों में नरकासुर दहन का आयोजन भी किया गया। ओल्ड सेटलमेंट इलाके में खड़गपुर जूनियर्स और सरस्वती बॉयज क्लब की ओर से नरकासुर दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन कमेटी के सदस्य पी. सोमनाथन ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से लगातार इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में खड़गपुर के एसडीपीओ सिद्धार्थ सिंह डांगी उपस्थित थे। इनके अलावा पूर्व पार्षद जगदंबा गुप्ता, एवी राव, सेंटू यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, झपाटापुर इलाके में चयनिका स्पोर्टिंग क्लब की ओर से भी सोमवार को नरकासुर दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजित इन कार्यक्रमों में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।









