






खड़गपुर: त्योहारी सीजन के मद्देनजर प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में खड़गपुर शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस द्वारा एक विशेष तलाशी अभियान चलाया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खड़गपुर टाउन थाने के आईसी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने शहर के कई प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में अचानक छापेमारी की। इस दौरान गोलबाजार, गेटबाजार और प्रेमबाजार समेत कई संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान पांच क्विंटल से अधिक गैर-कानूनी और प्रतिबंधित पटाखे बरामद कर जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगामी त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। शहर में किसी भी प्रकार के अवैध पटाखों के भंडारण, खरीद-बिक्री या इस्तेमाल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इस प्रकार की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





