






खड़गपुर। दो अलग-अलग हादसों में एक होटल कर्मचारी और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना गोलबाजार ट्रक स्टैंड के पास हुई, जहां ट्रांसपोर्ट की गाड़ी की चपेट में आने से होटल कर्मचारी की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना बेल्दा और नेकुड़सेनी के बीच रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हुई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।
ट्रांसपोर्ट गाड़ी की चपेट में आने से होटल कर्मचारी की मौत
जानकारी के मुताबिक, श्रीमल किस्कू (52) खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के बेनापुर के समीप कोतपुर गांव के रहने वाले थे। परिवार में अकेले रहने के कारण वह गांव कभी-कभार ही जाते थे। उनकी बड़ी बहन की पहले ही मौत हो चुकी है और माता-पिता भी जीवित नहीं हैं। श्रीमल गोलबाजार के प्रसिद्ध पंडित होटल में कर्मचारी के रूप में काम करते थे और होटल में ही रहना पसंद करते थे।बताया जाता है कि बुधवार सुबह श्रीमल चाय लाने के लिए निकले थे। इसी दौरान गोलबाजार ट्रक स्टैंड के पास एक ट्रांसपोर्ट गाड़ी को पीछे करने के क्रम में वह उसके अगले पहिए की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्हें तत्काल चांदमारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कोलकाता से आई ट्रांसपोर्ट गाड़ी ने सुबह कुछ सामान उतारा था। इसके बाद बाकी सामान लेकर मेदिनीपुर जाने के दौरान चालक गाड़ी पीछे कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि श्रीमल को सुनने में भी परेशानी थी।
घटना के बाद ट्रक चालक ने खड़गपुर शहर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव बरामद कर उनके चचेरे भाई को सौंपने से पहले पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। घटना से गोलबाजार इलाके में शोक का माहौल है।


लेवल क्रॉसिंग पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आई महिला


दूसरी घटना बेल्दा और नेकुड़सेनी के बीच रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हुई। जानकारी के मुताबिक, बेल्दा थाना क्षेत्र के मोहनापाड़ा की रहने वाली सहारा बीबी (30) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह रेलवे लेवल क्रॉसिंग बंद थी और ट्रेन आने वाली थी। इसके बावजूद सहारा बीबी ने जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें तत्काल बेल्दा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय उनके पति मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर थे और दोनों बच्चे घर पर थे।
सूचना मिलने पर बेल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से मोयनापाड़ा इलाके में भी शोक व्याप्त है।





