





पॉपुलर बांग्ला अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी (Rahul Arunoday Banerjee) के आकस्मिक निधन ने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। ओडिशा के तलसारी बीच पर एक टीवी सीरियल की शूटिंग के दौरान डूबने से उनकी जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे को लेकर kgp news की रिपोर्ट में स्थानीय चश्मदीदों के हवाले से कई चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं।



चश्मदीदों ने बताया कि पानी के भीतर कीचड़ और तेज बहाव (अंडरकरंट) था, जिसमें फंसने के बाद अभिनेता ने बचने के लिए कड़ा संघर्ष किया था।

चश्मदीदों के प्रमुख दावे
kgp news को मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने इस हादसे को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं:
बचाने के चक्कर में गई जान: एक चश्मदीद ने दावा किया, “हीरो (राहुल) बचाने के लिए आगे गया था और खुद उस दलदल में फंस गया। वहां कीचड़ और पानी का बेहद खतरनाक तेज बहाव (चोरस्रोता) था।”
पानी से निकालने के बाद भी बची थी जान: सबसे हैरान करने वाला दावा यह है कि अंडरकरंट में फंसने के बाद राहुल ने पानी के बीच से मदद के लिए चीख-पुकार मचाई थी। जब उन्हें पानी से बाहर निकाला गया, तब उनकी सांसें चल रही थीं और उनमें जान बाकी थी।
लोकल गाइड और सुरक्षा की अनदेखी: स्थानीय लोगों ने शूटिंग टीम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है, “जो टीम यहां शूटिंग करने आई थी, उन्होंने न तो कोई लोकल गाइड लिया और न ही हमारी स्थानीय कमेटी को इस बारे में कोई जानकारी दी। उन्होंने किसी भी स्थानीय व्यक्ति की मदद लेना जरूरी नहीं समझा।”
हादसे की मुख्य बातें
घटनास्थल: ओडिशा का तलसारी बीच (दीघा के करीब)।
हादसे का कारण: राहुल अपनी को-स्टार के साथ टीवी शो ‘भोले बाबा पार करेगा’ के लिए घुटने तक गहरे पानी में एक सीन की शूटिंग कर रहे थे, तभी वे पानी के भीतर बने एक गड्ढे और तेज बहाव की चपेट में आ गए।
सुरक्षा में चूक: पुलिस जांच और स्थानीय दावों से यह बात सामने आ रही है कि प्रोडक्शन टीम ने समुद्र में शूटिंग के लिए न तो कोई आधिकारिक अनुमति ली थी और न ही सेट पर गोताखोरों या लाइफगार्ड जैसी कोई आपातकालीन व्यवस्था की गई थी।
43 वर्षीय राहुल अरुणोदय बनर्जी को गहरे पानी से निकालकर तुरंत दीघा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बदकिस्मती से डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने शूटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।






