खड़गपुर में दो नाबालिगों की आत्महत्या से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

May 29, 2026 9:00 PM

खड़गपुर शहर में गुरुवार को दो अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं से इलाके में शोक की लहर फैल गई। एक घटना नीमप इलाके में हुई, जबकि दूसरी घटना बड़ा आयमा क्षेत्र की है। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार खड़गपुर शहर के निमपुरा बारह नंबर वार्ड स्थित खुदीराम पल्ली इलाके के रहने वाले 14 वर्षीय टी साहित राव ने गुरुवार की दोपहर लगभग तीन बजे पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल चांदमारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में Kharagpur Town Police Station की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
बताया गया है कि राव बिग बाजार के पास एक वाहन वॉशिंग दुकान में काम करता था। वह चार बहनों व दो भाइयों में  छोटा था। उसके बड़े भाई राहुल ने बताया कि गुरुवार दोपहर उसने फोन कर  राव के बारे में पूछा था, जिस पर उसने दुकान बंद कर खाना खाने की बात कही थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा और बाद में उसके फांसी लगाने की सूचना मिली।
सूत्रों के अनुसार आत्महत्या से पहले राव ने अपने ब्लॉग के लिए एक वीडियो भी बनाया था। वीडियो में उसने कहा कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। उसने अपनी मां को याद करते हुए भावुक बातें भी कही थीं। साथ ही उसने अपना मोबाइल बड़े भाई राहुल या अपने किसी महिला मित्र को देने की बात कही। पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
इधर दूसरी घटना में खड़गपुर नगरपालिका के 31 नंबर वार्ड स्थित बड़ा आयमा इलाके की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी पार्वती यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पार्वती Hijli High School की दसवीं कक्षा की छात्रा थी। बताया गया है कि उसके माता-पिता सिकंदराबाद में काम करते हैं और वह अपनी बहन के साथ रहती थी।
स्थानीय लोगों ने घर के अंदर पार्वती को पंखे से लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद Kharagpur Town Police Station की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
दोनों घटनाओं से इलाके में गहरा शोक व्याप्त है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि दोनों मामले अलग-अलग है व दोनों का आपस में कोई संबंध नहीं है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment