






पनिहाटी के ईश्वर चटर्जी रोड इलाके में एक राजनीतिक कार्यकर्ता की मौत को लेकर सुबह से ही भारी तनाव और सनसनी फैल गई है। मृतक कार्यकर्ता की पहचान अरूप साहा के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी और स्थानीय मंडल सचिव रूमा साहा ने आरोप लगाया है कि दूसरी पार्टी छोड़कर आए कुछ उपद्रवियों और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने ही इस हम*ले को अंजाम दिया है।


क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पिछली रात ईश्वर चटर्जी रोड स्थित एक दुकान के मालिक के साथ कुछ स्थानीय युवा नेताओं की कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि उन नेताओं ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। घटना की सूचना पाकर जब मंडल सचिव रूमा साहा अपने पति अरूप साहा के साथ मौके पर पहुंचीं, तो वहां मौजूद करीब 30 से 40 लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
रूमा साहा के मुताबिक, जब उनके पति अरूप साहा ने इस बदतमीजी का विरोध किया और उन्हें बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनके सीने और पेट में लात-घूंसों से हमला कर दिया। धक्का-मुक्की के कारण वे जमीन पर गिर पड़े। घर लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मुंह से आवाज निकलनी बंद हो गई। आनन-फानन में उन्हें सागरदत्त मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब तीन घंटे के इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप और गुटबाजी
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक रत्ना देबनाथ मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि दूसरी पार्टी से आए असामाजिक तत्व पार्टी में घुसकर इस तरह की हिं*सा फैला रहे हैं। विधायक ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इलाके में पिछले कई दिनों से चल रही अशांति की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
दोपहर के समय स्थानीय विधायक पीड़ित पत्नी के साथ खड़दह थाने पहुंचीं और दोषियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, विधायक ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि एक शोकाकुल महिला को एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के लिए थाने में करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
फिलहाल पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके की स्थानीय राजनीति में चल रही अंदरूनी कलह को पूरी तरह से उजागर कर दिया है।






