





पश्चिम मेदिनीपुर: पश्चिम मेदिनीपुर जिले में पुलिस ने एक्शन मोड में आते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तीन नेताओं को गिरफ्तार किया है। इन नेताओं पर धोखाधड़ी, दुष्कर्म और अवैध बालू तस्करी जैसे गंभीर आरोप हैं। पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने इन गिरफ्तारियों की पुष्टि की है।



दुष्कर्म और पॉक्सो मामले में टीएमसी अंचल अध्यक्ष गिरफ्तार

पहली घटना नारायणगढ़ थाना क्षेत्र की है। स्थानीय मोहरमपुर अंचल के टीएमसी अध्यक्ष लक्ष्मी सीट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, लक्ष्मी सीट के खिलाफ कई पुराने मामले दर्ज थे, जिनमें एक महिला द्वारा लगाया गया दुष्कर्म का आरोप, मारपीट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट शामिल है। आरोप है कि महिला को पार्टी कार्यालय में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने इस मामले की पुरानी फाइल को दोबारा खोलते हुए यह कड़ी कार्रवाई की है।
‘लक्ष्मी भंडार’ योजना में फर्जीवाड़ा, टीएमसी नेता गौतम दंडपाट गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई चंद्रकोना टाउन थाना क्षेत्र में हुई, जहां धोखाधड़ी के आरोप में स्थानीय टीएमसी नेता गौतम दंडपाट को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, मनोहरपुर 2 नंबर ग्राम पंचायत इलाके (मनोहरपुर और दोया ग्राम) में 25 साल से कम उम्र की महिलाओं को राज्य सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का लाभ दिलाने के लिए फर्जी उम्र और जन्म प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि इसके बदले में गौतम दंडपाट ने लाभार्थियों के परिवारों से रिश्वत भी ली थी। स्थानीय स्तर पर इस धांधली की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच कर यह गिरफ्तारी की है।
बालू तस्करी मामले में टीएमसी की राज्य सचिव कल्पना सीट गिरफ्तार
तीसरी गिरफ्तारी केशियारी थाना क्षेत्र से हुई है। यहां टीएमसी की राज्य सचिव कल्पना सीट को अवैध बालू तस्करी (सैंड माफिया) से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले बालू तस्करी के आरोप में कुछ अन्य लोगों को पकड़ा गया था। जांच और पूछताछ के दौरान पैसों के ट्रांजेक्शन और अन्य इनपुट के आधार पर कल्पना सीट का नाम सामने आया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
आगे की जांच जारी
जिले भर में पुराने मामलों की फाइलें खुलने और सत्ताधारी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। पुलिस का कहना है कि इन सभी मामलों में गहराई से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







