




पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के खरीदा में स्थित विश्वकर्मा मंदिर में बुधवार को 108 शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया। वैदिक विधि विधान के साथ यह अष्टोत्तर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में खड़गपुर सदर के पूर्व विधायक प्रदीप सरकार, टीएमसी की मिदनापुर सांगठनिक जिले के उपाध्यक्ष देवाशीष चौधरी, खड़गपुर टाउन महिला टीएमसी की अध्यक्ष डी वसंती. वार्ड 10 के पार्षद बी हरिश कुमार, अधिवक्ता ललित जायसवाल समेत सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर विश्वकर्मा मंदिर में 9 फरवरी से ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू कर दिया गया था। जबकि दूसरे दिन 10 फरवरी को महिलाओं ने कलश यात्रा भी निकाली। इसके अलावा प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन मंदिर में अखंड नाम संकीर्तन, सुंदर कांड पाठ के साथ ही सैकड़ों लोगों के बीच महाभोग भी वितरित किया गया। महाशिवरात्रि के पहले ही मंदिर में 108 शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा होने पर श्रद्धालुओं में काफी खुशी भी देखी गयी। कार्यक्रम आयोजन से जुड़े प्रमुख सदस्य और अधिवक्ता ललित जायसवाल ने कहा कि सनानत धर्म में शिवलिंग प्रतिष्ठा और शिवपूजा का काफी महत्व है। खड़गपुर के किसी भी मंदिर में एक साथ 108 शिवलिंग की प्रतिष्ठा अभी तक नहीं किया गया है। पहली बार खरीदा के विश्वकर्मा मंदिर में पूरे वैदिक विधि विधान के साथ 108 शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा करायी गयी है। जिसे लेकर सभी श्रद्धालुओं में हर्ष व्याप्त है।













