





पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अब बस करीब दो हफ्ते का समय बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (गुरुवार) बंगाल में धुआंधार चुनाव प्रचार करेंगे।



मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आज राज्य के तीन अलग-अलग जिलों में विशाल जनसभाओं को संबोधित करने वाले हैं। उनके आज के कार्यक्रम की शुरुआत सुबह साढ़े 9 बजे पूर्व मेदिनीपुर के हल्दिया से होगी। हल्दिया में रैली के बाद पीएम मोदी पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल स्थित पोलो ग्राउंड पहुंचेंगे और वहां एक जनसभा करेंगे। इसके बाद उनकी तीसरी और आज की आखिरी रैली बीरभूम जिले के सिउड़ी में आयोजित की जाएगी। पूरे राज्य की नजर इस बात पर टिकी है कि आज इन तीन रैलियों के मंच से पीएम मोदी बंगाल की जनता को क्या खास संदेश देते हैं।

शनिवार को भी बंगाल आएंगे पीएम मोदी
गुरुवार के प्रचार अभियान के बाद, प्रधानमंत्री शनिवार को एक बार फिर पश्चिम बंगाल के दौरे पर आएंगे। इस दिन उनका कृष्णानगर, जियागंज और कुशमंडी में चुनावी रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम तय है।
अमित शाह भी करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां
पीएम मोदी के अलावा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बंगाल के चुनावी रण में उतरने वाले हैं। शाह शुक्रवार और शनिवार को राज्य के अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे और सघन चुनाव प्रचार कर पार्टी के लिए वोट मांगेंगे।







