





खड़गपुर। आंध्र प्रदेश से पर्यटन यात्रा पर निकले एक पर्यटक की पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के अंकापल्ली जिले के टी राजापुरम गांव से लगभग 40 पर्यटकों को लेकर एक टूरिस्ट बस तीन दिन पहले यात्रा पर निकली थी। पर्यटक पहले पुरी घूमने के बाद कोलकाता जा रहे थे।



बताया गया है कि शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-60 पर रूपनारायणपुर स्थित खान पार्किंग के पास यह हादसा हुआ। बस चालक जी. सुब्बाराव को नींद महसूस होने पर उन्होंने वाहन रोक दिया और चाय पीने के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान 60 वर्षीय पर्यटक जी. अप्पाराव शौच के लिए पानी लेकर सड़क के दूसरी ओर गए। सड़क पार करते समय वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घायल अवस्था में अप्पाराव को खड़गपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे आंध्र प्रदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
सहयात्रियों ने बताया कि यह 14 दिनों का पर्यटन कार्यक्रम था, जिसमें 40 पर्यटक शामिल थे। पुरी के बाद उन्हें कोलकाता, फिर बिहार और उत्तर प्रदेश के वाराणसी तथा अयोध्या सहित अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना था। लेकिन बीच यात्रा में हुए हादसे से सभी पर्यटक स्तब्ध हैं।
बस चालक जी. सुब्बाराव ने बताया कि वह कई वर्षों से वेंकट साहई टूरिस्ट सेवा से जुड़े हुए हैं, लेकिन पहली बार इस प्रकार की दुर्घटना का सामना करना पड़ा है। मृतक अप्पाराव के बारे में बताया गया है कि उनका कोई निकट परिजन नहीं है।
घटना के बाद शव को आंध्र प्रदेश ले जाया जा रहा है, जबकि अन्य पर्यटक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोलकाता की ओर रवाना हो रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है।









