






सड़क हादसे में युवक की मौत, बाइक भी बरामद, सड़क किनारे गिरने से नगर पालिका कर्मी की मौत, सांप के डंसने से महिला ने भी तोड़ा दम
खड़गपुर। खड़गपुर शहर में बुधवार रात सड़क किनारे गिरने से खड़गपुर नगर पालिका के एक अस्थायी कर्मी की मौत हो गई। वहीं, खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र में सांप के डंसने से एक महिला की जान चली गई। दोनों घटनाओं से इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात पांचबेड़िया निवासी 48 वर्षीय शंभू नायक अपनी मां से मिलने ट्राफिक अंबेडकर कॉलोनी आया था। इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे गिर जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे खड़गपुर चांदमारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शंभू की पत्नी ने बताया कि पहले वे लोग खड़गपुर नगर पालिका के 22 नंबर वार्ड स्थित अंबेडकर कॉलोनी में रहते थे। मकान टूट जाने के बाद परिवार पाजवड़िया में रहने लगा। शंभू अक्सर अपनी मां से मिलने अंबेडकर कॉलोनी आया करता था। बुधवार रात भी वह मां से मिलने आया था, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
वार्ड सदस्य के पति के अनुसार, शंभू खड़गपुर नगर पालिका में अस्थायी कर्मी के रूप में कार्यरत था। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद नगर पालिका क्षेत्र में शोक व्याप्त है। खड़गपुर शहर थाना पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।सांप के डंसने से महिला की मौत
इधर, एक अन्य घटना में खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के बैता गांव में सांप के डंसने से शेफाली रानी घोष नामक महिला की मौत हो गई। बताया गया है कि गुरुवार सुबह महिला अपने घर में काम कर रही थी। इसी दौरान एक बोड़ा सांप ने उसे डंस लिया।
सांप के डंसने के बाद परिजनों ने सांप को पीट-पीटकर मार डाला और महिला को तत्काल देवरा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले गए। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका के दो बेटे है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है।खड़गपुर। सलुवा के नोशूटिंग इलाके में बुधवार देर रात सड़क किनारे एक 27 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सलुवा निवासी अजय लामा के रूप में हुई है। घटनास्थल से उसकी बाइक भी बरामद की गई है। प्रारंभिक तौर पर सड़क हादसे में मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अजय लामा को गंभीर अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे चांदमारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा मोहन लामा, जो भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं, ने बताया कि अजय भाजपा समर्थक था और पुरीगेट इलाके के एक रेस्टोरेंट में कुक का काम करता था। बुधवार को ही उसे करीब 16 हजार रुपये वेतन मिला था। बताया गया कि रात में वह अपने एक साथी के साथ घर गया था। इसके बाद वह सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला।
अजय अपनी मां और बड़े भाई के साथ रहता था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
भाजपा खड़गपुर ग्रामीण मंडल 2 अध्यक्ष विकास थापा ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मामले में शिकायत दर्ज कराई जाएगी और पुलिस से घटना की पूरी जांच की मांग की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।






