25वें वर्ष में रेड शाइन क्लब का भव्य गणेश उत्सव, केदारनाथ मंदिर की थीम बनी आकर्षण का केंद्र, त्रिकुंड आदिशक्ति दिव्य मुकाम’ थीम पर सजा न्यू सेटलमेंट का अनोखा गणेश पूजा मंडप

September 17, 2026 12:40 AM

खड़गपुर टाउन थाना के समीप स्थित रेड शाइन क्लब द्वारा इस वर्ष गणेश पूजा उत्सव बेहद धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। क्लब का यह गणेश पूजा उत्सव अपने 25वें वर्ष यानी रजत जयंती (Silver Jubilee) वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए पूजा कमेटी की ओर से एक विशेष और भव्य पूजा मंडप का निर्माण किया गया है।

​इस वर्ष पूजा मंडप को विश्वप्रसिद्ध ‘केदारनाथ मंदिर’ की तर्ज पर तैयार किया गया है। मंदिर की मनमोहक संरचना, बारीकी से की गई कलाकारी और आकर्षक सजावट को देखने के लिए खड़गपुर शहर के विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं, आसपास के ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से भी दर्शक इस अलौकिक थीम का दीदार करने पहुंच रहे हैं।

​शाम ढलते ही मंडप परिसर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। लोग सपरिवार पहुंचकर प्रथम पूज्य भगवान गणपति बप्पा के दर्शन कर रहे हैं और पूजा मंडप की भव्यता का आनंद उठा रहे हैं।

​कमेटी के सदस्यों ने बताया कि 25वें वर्ष को खास और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से केदारनाथ मंदिर की थीम चुनी गई है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भक्तिमय, शांत और आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति हो सके। इस भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र को उत्सव और भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया है।

​ ‘त्रिकुंड आदिशक्ति दिव्य मुकाम’ थीम पर सजा न्यू सेटलमेंट का अनोखा गणेश पूजा मंडप

गणेश पूजा के पावन अवसर पर खड़गपुर शहर के न्यू सेटलमेंट क्षेत्र में स्थित गणेश पूजा मंडप श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। न्यू सेटलमेंट के बाउंस चौक बॉयज गणेश पूजा कमेटी द्वारा इस वर्ष छठे वर्ष की गणेश पूजा का भव्य आयोजन किया गया है।

​इस वर्ष पूजा कमेटी ने एक अनूठी और आध्यात्मिक अवधारणा को अपनाते हुए ‘त्रिकुंड आदिशक्ति का दिव्य मुकाम’ थीम पर आकर्षक पूजा मंडप का निर्माण किया है। पूरे पूजा पंडाल को आदिशक्ति की महिमा और शक्ति स्वरूपों के अनुरूप अत्यंत कलात्मक ढंग से सजाया गया है। मंडप में स्थापित विभिन्न देवीय स्वरूपों से जुड़ी मूर्तियां और आकर्षक सजावट हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं।

​पूजा कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस विशेष थीम का मुख्य उद्देश्य भक्तों को आदिशक्ति की दिव्यता, ऊर्जा और आध्यात्मिक स्वरूप से परिचित कराना है।

​गणेश उत्सव के दौरान मंडप में सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों का तांता लगा हुआ है। भगवान गणेश की आराधना के साथ-साथ श्रद्धालु मंडप की भव्य बनावट और आध्यात्मिक सजावट की भी जमकर सराहना कर रहे हैं। पूरे इलाके में भक्ति और उत्साह का उल्लासपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment