






खड़गपुर : साहित्य और संस्कृति प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मालंच, खड़गपुर पुस्तक मेला कमेटी (जिला: पश्चिम मेदिनीपुर) के तत्वावधान में आगामी 26 दिसंबर 2026 (शनिवार) से भव्य ‘मालंच, खड़गपुर पुस्तक मेला 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 31 दिसंबर 2026 (गुरुवार) तक ओल्ड मालंच स्थित प्रियानाथ राय हाई स्कूल मैदान (पोस्ट: राखाजंगल, खड़गपुर) में चलेगा। मेले का समय प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से रहेगा।


”किताबें खरीदें, पढ़ें, उपहार दें और अपना बनाएं” के संदेश के साथ आयोजित होने वाले इस मेले के अध्यक्ष प्रो. सुमन चक्रवर्ती (आईआईटी खड़गपुर) और महासचिव समाजसेवी मनोज दे हैं। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल किताबों की दुनिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें नृत्य, संगीत, कविता पाठ, आमंत्रित कलाकारों की प्रस्तुति, कवि-साहित्यकार सम्मेलन और गुणीजन सम्मान समारोह जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का विवरण:
पुस्तक मेले के अवसर पर छात्रों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिनका विवरण इस प्रकार है:
20 दिसंबर 2026 (रविवार) को होने वाली प्रतियोगिताएं (स्थान: प्रियानाथ राय हाई स्कूल, मालंच, वार्ड नं. 11):
आवृत्ति (कविता पाठ): नर्सरी से प्रथम श्रेणी (सुबह 9 बजे), द्वितीय से पंचम श्रेणी (सुबह 10 बजे) और छठी से दसवीं श्रेणी (सुबह 11 बजे) तक के बच्चों के लिए निर्धारित कविताओं पर प्रतियोगिता होगी।
संगीत: पंचम से आठवीं श्रेणी के लिए रवींद्र संगीत (सुबह 9:30 बजे) और नौवीं से बारहवीं श्रेणी के लिए नजरुल गीति (सुबह 10:30 बजे) की प्रतियोगिता होगी।
नृत्य: पंचम श्रेणी तक के बच्चों के लिए लोकनृत्य (दोपहर 3 बजे), छठी से दसवीं श्रेणी के लिए रवींद्र नृत्य (दोपहर 4:30 बजे) और सभी के लिए लोकनृत्य (शाम 5:30 बजे) आयोजित किया जाएगा।
चित्रकला (अंकन) प्रतियोगिता (सुबह 9 बजे से): चौथी श्रेणी तक ‘मनपसंद चित्र’, पंचम से आठवीं श्रेणी के लिए ‘स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र’ और नौवीं से बारहवीं श्रेणी के लिए ‘विकसित भारत’ विषय रखे गए हैं।
28 दिसंबर 2026 को होने वाली प्रतियोगिता (स्थान: मेला प्रांगण, दोपहर 2 बजे से):
क्विज प्रतियोगिता: यह विद्यालय आधारित होगी, जिसमें पंचम से आठवीं (विभाग-क) और नौवीं से बारहवीं (विभाग-ख) के छात्र भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता के प्रमुख नियम और पंजीकरण की जानकारी:
सभी प्रतियोगिताओं में नाम दर्ज कराने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रत्येक विभाग के लिए प्रवेश शुल्क (एंट्री फीस) 50 रुपये रखा गया है। एक प्रतियोगी चाहे तो एक से अधिक विभागों में भी भाग ले सकता है।
संगीत और नृत्य के लिए 4 मिनट तथा चित्रकला के लिए अधिकतम 1 घंटे का समय मिलेगा। चित्रकला में आयोजकों की ओर से केवल आर्ट पेपर दिया जाएगा, बाकी सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी।
आवश्यकता पड़ने पर आयु प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। प्रत्येक विभाग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी मालंच के भीम चौक स्थित मेला कार्यालय में जाकर या मोबाइल नंबर 8918204819, 8250657567, 7679560608, 7407462655 पर संपर्क करके अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। मेला कमेटी के सचिव मनोज दे ने सभी क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।






