






खड़कपुर के न्यू सेटलमेंट स्थित साईबाबा मंदिर परिसर में दो दिवसीय ‘ओपन वॉरियर कराटे चैंपियनशिप – 2026’ का शानदार आयोजन किया गया। 12 और 13 सितंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में देश के 6 अलग-अलग राज्यों से आए लगभग 400 प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने हुनर और अनुशासन का परिचय दिया।


इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों में मार्शल आर्ट्स, आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस), फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के दौरान काता और कुमिते की विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

आयोजन समिति के मुख्य प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय कोच रेंशी राज देव सिंह (4th डैन ब्लैक बेल्ट) ने बताया कि खेल युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है। वर्तमान समय में आत्मरक्षा की कला सीखना हर युवा और विशेषकर बालिकाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धियों के साथ अनुभव साझा करने और अपनी प्रतिभा निखारने का एक बेहतरीन मंच मिलता है।
दो दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में खेल प्रेमियों और आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





