






पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन थाना अंतर्गत खंडरूई इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ननिहाल में सो रहे 10 वर्षीय एक मासूम बच्चे की जहरीले सांप के काटने से मौ*त हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


मृ*तक बच्चे की पहचान 10 वर्षीय रॉनित बेरा के रूप में हुई है। रॉनित मूल रूप से जहांलदा इलाके का रहने वाला था, लेकिन लंबे समय से वह खंडरूई स्थित अपने ननिहाल में ही रह रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात रॉनित रोज की तरह खाना खाकर ननिहाल में अपने बिस्तर पर सो रहा था। शुक्रवार सुबह जब वह सोकर उठा, तो अचानक उसकी एक उंगली में असहनीय दर्द होने लगा। बच्चे की बेचैनी देखकर जब परिजनों ने उसका हाथ देखा, तो उस पर सांप के डसने के स्पष्ट निशान दिखाई दिए।
स्थिति बिगड़ती देख परिजन बिना समय गंवाए उसे तुरंत खंडरूई ग्रामीण अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर के उपचार के बाद मासूम ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर में ज*हर तेजी से फैल जाने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही दांतन थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और श*व को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया। सोते समय हुई इस आकस्मिक घटना से रॉनित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम छाया हुआ है।





