पारिवारिक विवाद में दो लोगों की मौत, एक ने कीटनाशक पीकर दी जान तो दूसरे का शव पेड़ से लटका मिला

November 12, 2026 7:49 PM

खड़गपुर। पारिवारिक विवाद के बाद खड़गपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने कीटनाशक पी लिया, जबकि दूसरी घटना में बेटे से झगड़े के बाद एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ बरामद किया गया। दोनों घटनाओं से इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, खड़गपुर के दीवानमारो इलाके के रहने वाले दुखू बेसरा (32) का मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जाता है कि इस विवाद से दुखी होकर दुखू ने खेतों में इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे खड़गपुर महकमा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर खड़गपुर शहर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जाता है कि दुखू के दो बच्चे भी हैं।

वहीं, दूसरी घटना खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के सांकवा के समीप मानिकपुर इलाके की है। यहां पूर्ण मांडी नामक व्यक्ति का मंगलवार रात अपने बेटे डाटू मांडी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जाता है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई थी। इसके बाद पूर्ण मांडी शराब के नशे में घर से निकल गया और रातभर वापस नहीं लौटा।
बुधवार सुबह घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के बेटे डाटू मांडी के अनुसार, तीन-चार दिन पहले उसके पिता को एक कुत्ते ने काट लिया था। परिवार की ओर से उन्हें चांगुआल अस्पताल स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र जाकर एंटी-रेबीज वैक्सीन लेने की सलाह दी जा रही थी, लेकिन उन्होंने वैक्सीन नहीं ली। इसी बात को लेकर मंगलवार को पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में झगड़े में बदल गया।
बताया जाता है कि पूर्ण मांडी के दो बेटे और एक बेटी हैं। उनका एक बेटा ओडिशा में रहकर काम करता है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment