





कोलकाता: भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत पिछले दिनों हुए मतदान के बाद एक बड़ा निर्णय लिया है। निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के दो महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों— 142-मगरहाट पश्चिम और 143-डायमंड हार्बर के कुल 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान (Re-poll) कराने का फैसला किया गया है।



मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), पश्चिम बंगाल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह निर्णय रिटर्निंग अधिकारियों और चुनाव पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर लिया गया है। आयोग ने 29 अप्रैल, 2026 को इन केंद्रों पर हुए मतदान को ‘शून्य’ (Void) घोषित कर दिया है।

पुनर्मतदान का समय और विवरण
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सभी 15 केंद्रों पर मतदान 2 मई, 2026 (शनिवार) को सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेगा।
इन केंद्रों पर होगी दोबारा वोटिंग:
142-मगरहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र (11 केंद्र):
- उत्तर इयारपुर एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 2)
- नाजरा एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 1 और 2)
- देउला एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 1)
- घोला नोयापाड़ा गर्ल्स हाई मदरसा (रूम नंबर 2)
- इकतारा मलया एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 1 और 2)
- इकतारा मलया धोरा एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 1)
- बहिरपुया कुरकुरिया एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 1 और 2 के विभिन्न भाग)
143-डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र (4 केंद्र):
- बगदा जूनियर हाई स्कूल
- चंदा एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 2)
- हरिदेवपुर एफ.पी. स्कूल
- रॉयनगर एफ.पी. स्कूल (रूम नंबर 2)
प्रशासनिक तैयारी
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

(संवाददाता द्वारा प्रेषित)






