





उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को पुरुलिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी से एक बड़ी वैचारिक चूक हो गई। भाषण के दौरान उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद के बीच भ्रम पैदा कर दिया, जिसके बाद बंगाल के इतिहास और संस्कृति की कथित गलत व्याख्या को लेकर आलोचनाएं शुरू हो गई हैं।



नेताजी का नारा स्वामी विवेकानंद के नाम बताया

पुरुलिया के मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा।” नेताजी सुभाष चंद्र बोस के इस विश्वप्रसिद्ध नारे को स्वामी विवेकानंद के नाम से जोड़ने पर बंगाल में एक नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है।
टीएमसी को ‘बुलडोजर’ की सीधी चेतावनी
पुरुलिया के जयपुर विधानसभा क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू के बावजूद हजारों की संख्या में लोग योगी आदित्यनाथ की जनसभा में पहुंचे थे। यहाँ उनके मंच के ठीक सामने एक बुलडोजर खड़ा किया गया था, जो उनके ‘बुलडोजर मॉडल’ का प्रतीक था। सीएम योगी ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधते हुए कहा, “टीएमसी के जितने भी गुंडे यहां धमकी दे रहे हैं, वे याद रखें। याद रखें कि यूपी की तरह यहां भी इन माफियाओं के ऊपर बुलडोजर चलेगा।”
यूपी और बंगाल की कानून-व्यवस्था की तुलना
सोमवार को ही पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला विधानसभा क्षेत्र में भी सीएम योगी ने एक जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण के एक बड़े हिस्से में उन्होंने पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की तुलना की। यूपी की कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “पहले वहां उपद्रव होता था, अब उत्सव होता है। यूपी में अब ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’ का माहौल है और अब वहां सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती है।”
‘खेला खत्म होगा, विकास शुरू होगा’
रैली में राजनीतिक हुंकार भरते हुए योगी आदित्यनाथ ने नारा दिया, ‘खेला खत्म होगा, विकास शुरू होगा।’ उन्होंने दावा किया कि बंगाल में लंबे समय से विकास ठप पड़ा है और अब सत्ता में बदलाव का समय आ गया है।
अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने बंगाल की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को भी छुआ। मां काली और मां दुर्गा का नाम लेकर जनसभा शुरू करते हुए उन्होंने बंगाल की समृद्ध विरासत का जिक्र किया। योगी ने कहा कि यह वही बंगाल है जिसने एक समय में पूरे देश का नेतृत्व किया था, लेकिन वर्तमान सरकार में उसकी वह गौरवशाली स्थिति नष्ट हो गई है।







