






मेदिनीपुर: शहर से सटे धर्मा इलाके में स्थित शिशु अस्पताल परिसर की कैंटीन में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग जाने से हड़कंप मच गया। कैंटीन के किचन से अचानक धुआं और लपटें उठती देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने शोर मचाया, जिसके बाद अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।


अस्पताल कर्मियों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और पास ही स्थित जलाशय से पानी लाकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। किसी बड़ी अनहोनी को टालने के लिए कर्मचारियों ने तुरंत बिजली का मुख्य संपर्क काटा और कैंटीन के अंदर मौजूद गैस सिलेंडरों को फौरन बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। दमकल का एक इंजन मौके पर पहुंचा, हालांकि दमकल कर्मियों के आने से पहले ही अस्पताल के सजग कर्मचारियों ने आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पूरी तरह से स्थिति को नियंत्रित किया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, कैंटीन में रखे एक फ्रिज में इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह आग लगी थी। इस घटना में फ्रिज क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन समय रहते उठाए गए कदमों के कारण आग अस्पताल के मुख्य वार्डों या अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी और कोई जनहानि नहीं हुई।






