





खड़गपुर: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। खड़गपुर और इसके आसपास के इलाकों में बीते दो दिनों में हुई बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है। शनिवार की दोपहर हुई छिटपुट बारिश से मौसम सुहाना हो गया है।



शुक्रवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली व तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई जोरदार बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आम जनजीवन को बड़ी राहत मिली है।

मौसम विभाग का अनुमान रहा सटीक
मौसम विभाग द्वारा पहले ही चेतावनी जारी की गई थी कि पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और झाड़ग्राम जिलों में भारी से अति भारी बारिश तथा तेज गरज-चमक हो सकती है। इसी पूर्वानुमान के तहत, शुक्रवार दोपहर खड़गपुर शहर और इसके सीमावर्ती क्षेत्रों में अचानक मौसम बदला और मूसलाधार बारिश हुई। वज्रपात की चपेट में आने से दो किशोर की मौत की खबर है।
जलजमाव की स्थिति
बारिश शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली और सड़कों पर ठंडक महसूस की गई। हालांकि, कुछ ही देर की तेज बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अगले 24 घंटों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के दौरान भी पश्चिम मेदिनीपुर समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना बनी हुई है।
इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन की ओर से आम जनता के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान पूरी तरह से सतर्क रहें और बहुत आवश्यकता पड़ने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें।





