खड़गपुर में दिनदहाड़े छिनताई: सेल्समैन के भेष में घर में घुसे बदमाश, महिला की सोने की चेन लूटकर फरार

August 4, 2026 12:13 AM

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिन के उजाले में भी लोग अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं। शनिवार दोपहर खड़गपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 7 स्थित श्रीकृष्णपुर इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना घटी। यहां सेल्समैन के भेष में आए बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय महिला घर के अंदर खाना बना रही थी। उसी दौरान दो युवक खुद को एक कंपनी का सेल्समैन बताकर घर में दाखिल हुए। उन्होंने महिला को कुछ उत्पाद दिखाए और दावा किया कि इन उत्पादों से सोने, चांदी, तांबे और पीतल के बर्तनों व आभूषणों को आसानी से साफ किया जा सकता है। बातचीत के दौरान उन्होंने बेहद चालाकी से महिला का विश्वास जीत लिया। इसके बाद मौका मिलते ही उन्होंने अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन छीन ली।

​जब महिला ने इसका विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसे धक्का दे दिया और घर के बाहर भाग निकले। बाहर सड़क पर उनका एक अन्य साथी बाइक स्टार्ट करके उनका इंतजार कर रहा था। दोनों तुरंत उस बाइक पर बैठे और बॉम्बे रोड की तरफ तेजी से फरार हो गए।

इससे पहले खड़गपुर टाउन थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 स्थित पोर्टर खोली इलाके में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनने की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमला नामक एक बुजुर्ग महिला सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय साईं मंदिर में पूजा कर अपने घर लौट रही थीं। उसी दौरान पीछे से पैदल आए एक अज्ञात युवक ने उन पर अचानक हमला कर दिया। युवक ने पहले महिला को धक्का देकर जमीन पर गिराया और फिर उनके गले से करीब दो भरी (20 ग्राम) सोने की चेन झपट ली।

​बुजुर्ग महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होते, तब तक झपटमार वहां से भागने में सफल रहा। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि आरोपी युवक अकेला था और घटना को अंजाम देने के बाद वह तेजी से दौड़ते हुए मौके से फरार हो गया। इस इलाके में इस तरह की यह पहली घटना बताई जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस छिनतई से स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल बन गया है। इलाक़े के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में सीसीटीवी कैमरों की कमी है, जिसके कारण अपराधी बेखौफ होकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इससे पहले भी आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

​घटना के तुरंत बाद खड़गपुर टाउन थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में सुरक्षा और गश्त बढ़ाई जाए तथा जल्द से जल्द इन अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment